
दुर्ग/भिलाई। जवाहर मार्केट पावर हाउस स्थित पारख ज्वेलर्स के स्टोर में सोमवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना 21 सितंबर 2026 की रात करीब 3:21 बजे की बताई गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग ने तत्काल एक दमकल वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
अग्निशमन दल के मौके पर पहुंचने तक आग दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। कर्मचारियों ने तत्परता और साहस दिखाते हुए तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक दमकल वाहन के पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया गया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
आगजनी की इस घटना में कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।

बताया गया कि जवाहर मार्केट की गलियां काफी संकरी और सक्रिय होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में अग्निशमन कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने समय पर पहुंचकर आग को बड़ी घटना में तब्दील होने से रोक लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश कुमार राउटे के निर्देशन में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी रामनाथ कुरे, जितेन्द्र वर्मा और हरीश ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई।
















