
दुर्ग। ड्राई डे के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 10 स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 302 पौवा अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे 3 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और 1 ई-रिक्शा, यानी कुल 5 वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 15 हजार रुपये है।
यह कार्रवाई 1 और 2 अक्टूबर 2026 को मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर की गई। पुलिस टीमों ने थाना दुर्ग, मोहन नगर, पद्मनाभपुर, उतई और चौकी अंजोरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश और घेराबंदी की।
10 स्थानों पर पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों को बेच रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित स्थानों की पहचान कर कार्रवाई की और मौके से आरोपियों के साथ शराब एवं अन्य सामग्री बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों में ध्रुवराम पारधी, यशवंत देशलहरे, लोमेन्द्र कुमार, दाबीराम ढीमर, मिथलेश ढीमर, खरी चोथू, प्रकाश सारथी, अलताफ हुसैन, गजानंद चंदेल, मनीष मांडले, गोपाल तेलभुलकर और राजू मांझी शामिल हैं।
2.49 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस कार्रवाई में 302 पौवा अवैध शराब की कीमत करीब 34 हजार रुपये और पांच वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2.15 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से संबंधित रकम भी प्रकरणवार जब्त की गई है। इस तरह शराब और वाहनों समेत 2.49 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत अलग से कार्रवाई की गई।
आरोपी का नाम
1. ध्रुवराम पारधी, उम्र 57 वर्ष, निवासी धनीद।
2. यशवंत देशलहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी नगपुरा।
3. लोमेन्द्र कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी रिसाली।
4. दाबीराम ढीमर, उम्र 23 वर्ष, निवासी चंदखुरी।
5. मिथलेश ढीमर, उम्र 23 वर्ष, निवासी चंदखुरी।
6. खरी चोथू, उम्र 33 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा।
7. प्रकाश सारथी, उम्र 32 वर्ष, निवासी सारथी मोहल्ला, दुर्ग।
8. अलताफ हुसैन, उम्र 45 वर्ष, निवासी लुचकी पारा।
9. गजानंद चंदेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी गाड़ाडीह।
10. मनीष मांडले, उम्र 30 वर्ष, निवासी मर्रा रोड।
11. गोपाल तेलभुलकर, उम्र 56 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर।
12. राजू मांझी, उम्र 50 वर्ष, निवासी खुर्सीपार।
जप्त सामग्री
1. अवैध शराब कुल 302 पौवा, अनुमानित कीमत 34,000 रुपये।
2. 03 मोटर सायकल, 01 स्कूटी एवं 01 ई-रिक्शा, कुल अनुमानित कीमत 2,15,000 रुपये।
3. अवैध शराब बिक्री से संबंधित रकम — प्रकरणवार जप्त।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















