
बालोद, 25 नवंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी में जिला निरंतर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन के परिणामस्वरूप जिले के सभी 161 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 2026 की स्थिति में जिले में कुल 7,351 किसानों से 26,231.96 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर तक जिले में उपार्जित कुल 26,231.96 मीट्रिक टन धान में 20,889.16 मीट्रिक टन पतला, 4,600.08 मीट्रिक टन मोटा और 742.72 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है। पूरे प्रदेश में अब तक हुई कुल 2,78,010 मीट्रिक टन धान खरीदी में अकेले जिले की हिस्सेदारी लगभग 9.44 प्रतिशत रही है। इसके साथ ही, जिले के 6,960 किसानों के लिए 6,087.23 लाख रुपये के भुगतान हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण कर बैंक को प्रेषित कर दी गई है, जिसमें से 5,928 किसानों के 5,160.87 लाख रुपये के भुगतान की पुष्टि पीएफएमएस के माध्यम से हो चुकी है।

धान खरीदी के साथ-साथ सहकारी समितियों के माध्यम से लिंकिंग के जरिए ऋण वसूली में भी जिला सराहनीय प्रदर्शन कर रहा है। 23 नवंबर तक जिले में कुल 2,241.33 लाख रुपये (22.41 करोड़ रुपये से अधिक) की ऋण वसूली की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, 25 नवंबर को धान खरीदी के लिए जिले के सभी 161 उपार्जन केंद्रों हेतु कुल 1,890 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 7,278.49 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। इसमें ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से 1,212 तथा उपार्जन केंद्रों में समिति स्तर पर 678 टोकन जारी किए गए हैं।
केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं और पारदर्शिता पर प्रशासन का विशेष जोर
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में अन्नदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता तथा इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट से पारदर्शी तौल सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित नोडल अधिकारियों एवं निगरानी दलों द्वारा उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

















