दुर्ग: बीड़ी मांगने पर हुआ विवाद, नाबालिग ने पत्थर से कर दी युवक की हत्या — कोतवाली पुलिस ने सुलझाया मामला

दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित सब्जी मंडी में कुछ दिन पहले हुई युवक की हत्या के रहस्य से आखिरकार पर्दा उठ गया है। कोतवाली पुलिस ने इस हत्याकांड को सुलझाते हुए एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना 8 अक्टूबर की रात की है। पुलिस के अनुसार, मृतक नरेश ठाकुर उर्फ छोटू रोज की तरह इंदिरा मार्केट सब्जी मंडी के पास सोया हुआ था। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक नाबालिग से उसने बीड़ी मांगी। नाबालिग के मना करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर नाबालिग ने पास पड़े पत्थर से नरेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अगली सुबह 9 अक्टूबर को सब्जी मंडी में खून से लथपथ शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नरेश ठाकुर के रूप में हुई। उसके भाई विकास राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले नाबालिग आरोपी अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था। पूछताछ में नाबालिग ने अपराध स्वीकार कर लिया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद में हुई यह हत्या समाज के लिए एक चेतावनी है कि गुस्से के एक पल का अंजाम कितना भयावह हो सकता है।














