
दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस को एक और सफलता मिली है। प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के अवैध कारोबार में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को थाना मोहन नगर क्षेत्र में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति द्वारा प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी नितेश यादव को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अल्प्राजोलम की 13 पैकेट (कुल 195 टेबलेट) बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही बिक्री की नगद रकम 500 रुपये भी जप्त की गई।
इस मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 22 और 27(क) में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। विवेचना के दौरान नितेश यादव के बयान के आधार पर उसके सहयोगी खुर्शीद आलम, निवासी खुर्सीपार को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम की तत्परता सराहनीय
इस पूरी कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई को सराहा गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।














