
दुर्ग। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर थाना उतई क्षेत्र में संचालित IDFC First Bank के कई खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग विभिन्न साइबर ठगी मामलों में प्राप्त रकम को ट्रांसफर और निकालने के लिए किया जा रहा था।
विवेचना में पाया गया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच साइबर ठगी से अर्जित राशि इन खातों में जमा कर अन्य खातों में स्थानांतरित की गई। बैंक से प्राप्त केवाईसी दस्तावेज, खाता विवरण और ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट के परीक्षण में लाखों रुपये के संदिग्ध और अनाधिकृत लेन-देन का खुलासा हुआ।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम अन्य व्यक्तियों को साइबर ठगी से जुड़े अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए उपलब्ध कराए थे, जिसके बदले उन्हें आर्थिक लाभ प्राप्त होता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल सिम कार्ड और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल सिम या बैंकिंग संबंधी जानकारी उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना साइबर अपराध में सहभागिता माना जा सकता है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
आरोपी का नाम :
(1) भूपेन्द्र हिरवानी पिता रितेश हिरवानी उम्र 23 वर्ष पता पाॅच रास्ता, मोतीलाल चैक, बजरंग बली मंदिर के पास थाना सुपेला जिला दुर्ग
(2) नवलेश्वर पाटले पिता ओमकार पाटले उम्र 35 वर्ष पता डाॅक्टर जी.के. वर्मा क्लीनिक के पास, वार्ड 06, संजय नगर, थाना सुपेला जिला दुर्ग
(3) पवन सिंह पिता अमीर सिंह उम्र 32 वर्ष पता भाई किराना दुकान के पास, प्रगति नगर, केम्प 01, जलेबी चैक, भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग
(4) आकाश चन्द्राकर पिता आशाराम चन्द्राकर उम्र 37 वर्ष पता कृष्णा टाकीज के सामने, मैत्रीनगर, फेस 04, रिसाली थाना नेवई जिला दुर्ग
(5) अर्पण शुक्ला पिता ऋषिकुमार शुक्ला उम्र 23 वर्ष पता हाउस नंबर 770, इंडोर स्टेडियम पास, हनुमान मंदिर, तितुरडीह, दुर्ग थाना मोहन नगर जिला दुर्ग
(6) मुकेश सिंह पिता दिलीप सिंह उम्र 23 वर्ष पता क्वाटर नंबर 28सी, सड़क 37सी, सेक्टर 07 भिलाई थाना भिलाई नगर जिला दुर्ग












