
भिलाई/दुर्ग। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने रविवार तड़के थाना खुर्सीपार और जामुल क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में 50 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से संवेदनशील इलाकों में तलाशी, सत्यापन और वारंटियों की धरपकड़ की।
अभियान के दौरान थाना खुर्सीपार क्षेत्र की देवार बस्ती में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 34 पौवा अवैध शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान 2 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। वहीं, एक गिरफ्तारी वारंटी की मृत्यु हो जाने पर नियमानुसार उसका मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इसी दौरान जामुल थाना क्षेत्र के नालंदा परिसर के पीछे स्थित अटल आवास में रहने वाले लोगों का व्यापक सत्यापन किया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस विशेष अभियान का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल ने किया। अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, थाना प्रभारी खुर्सीपार, जामुल, नेवई, भिलाई भट्टी, एसीसीयू, यातायात शाखा और रक्षित केंद्र सहित विभिन्न शाखाओं के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि, अवैध शराब के कारोबार, वारंटियों या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













