
दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में रविवार देर रात लूट का विरोध करना ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप को भारी पड़ गया। अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के दौरान उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
करहीडीह से चिखली चौक के बीच हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात अपने एक साथी के साथ भिलाई स्थित एक निजी अस्पताल से गांव लौट रहे थे। जब वे जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के करहीडीह से चिखली चौक के बीच पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुए आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बीच सड़क पर हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में शोक, परिजनों में मातम
प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम पंचायत तुमाकला की सरपंच हैं। जनप्रतिनिधि की इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।












