
दुर्ग। राजनांदगांव बाईपास स्थित डी-मार्ट के सामने शनिवार रात करीब 9 बजे CNG टैंकर से गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अनुराग कूरियर कंपनी के वाहन क्रमांक CG 10 CD 2598 में रखे CNG टैंकर से गैस रिसाव की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने सभी थाना क्षेत्रों और यातायात पुलिस की टीमों को तत्काल सक्रिय किया।
नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नेहरू नगर गुरुद्वारा तिराहा से यातायात को डायवर्ट किया गया। वहीं, टैंकर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा बनाया गया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाकर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए।
पुलिस एवं संबंधित टीमों की त्वरित कार्रवाई के बाद CNG टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे किया गया। इसके बाद महज एक घंटे के भीतर मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु करा दिया गया।
आपात स्थिति के दौरान आम नागरिकों, ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों ने भी संयम एवं सतर्कता का परिचय दिया। लोगों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा उपायों में पूरा सहयोग किया और जारी निर्देशों का पालन किया।
दुर्ग पुलिस की तत्परता, संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय और आमजन के सहयोग से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टालने में सफलता मिली।
दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।














