जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा के लिए दुर्ग पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, 632 जवान रहेंगे तैनात

भिलाई। बोलबम सेवा समिति खुर्सीपार, भिलाई द्वारा 17 से 26 अगस्त 2026 तक जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले की शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात और पार्किंग को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर के साथ जयंती स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं पुलिस महानिरीक्षक ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने आयोजन समिति को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
632 पुलिस जवानों की तैनाती
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए आयोजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के लिए कुल 632 पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 04 एएसपी/एसी, 18 डीएसपी, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं।
पुलिस बल को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।

9 पार्किंग स्थल निर्धारित
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें भिलाई निवास के सामने हेलिपैड, फुटबॉल ग्राउंड, प्रगति मैदान के पीछे वीआईपी पार्किंग, बैंक परिसर, सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड, कला मंदिर के सामने, शहीद उद्यान के सामने, हरिराज सिविक सेंटर के बगल और पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने पार्किंग शामिल हैं।
रायपुर, चरौदा, भिलाई-03, नंदिनी और पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कुहराली, सिरसा गेट, पावर हाउस/चंद्रा-मौर्या और 25 मिलियन टन चौक होते हुए सेक्टर-06 पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कुम्हारी, खेमटा, धमधा, जेवरा सिरसा और नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहन ग्रीन चौक, राजेंद्र पार्क चौक और सेक्टर-09 चौक होते हुए सेक्टर-06 ग्राउंड पार्किंग पहुंचेंगे। राजनांदगांव और बालोद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुलगांव चौक, जेल तिराहा होते हुए भिलाई निवास के सामने हेलिपैड ग्राउंड पार्किंग निर्धारित है। वहीं धमतरी, अभनपुर और पाटन की ओर से आने वाले वाहन उतई नेवई होते हुए भिलाई निवास के बाजू स्थित फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग में पहुंच सकेंगे।
अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित
महाराज एवं आयोजक परिवार के लिए मंच के पीछे गेट/फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से प्रवेश निर्धारित किया गया है। वीआईपी प्रवेश शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग और पार्किंग क्लब के पास से होगा। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए भिलाई क्लब, मिराज चौक (सीए चौक) और बैंक परिसर चौक की ओर से प्रवेश व्यवस्था की गई है।
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्ग का ही उपयोग करें। मुख्य मार्गों, प्रवेश मार्गों अथवा सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और मौके पर यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से बच्चों, बुजुर्गों और परिजनों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की गई है।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन कर आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।














