
दुर्ग। दीपावली के दूसरे दिन मनाए जाने वाले गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अथवा सामान्य अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन (अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ) ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव को ज्ञापन कलेक्टर महोदय दुर्ग के माध्यम से शासन को भेजा गया।
संगठन के प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा हिंदू समाज की धार्मिक आस्था एवं छत्तीसगढ़ व यादव समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक एकता का सुन्दर प्रतीक महत्वपूर्ण पर्व है। प्रदेशभर में यह पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है तथा विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर शासन द्वारा अवकाश घोषित किया जाता रहा है। ऐसे में प्रदेशवासियों की धार्मिक भावनाओं एवं पूर्व में प्रचलित अवकाश व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा के दिन अवकाश घोषित किया जाना उचित होगा।
सर्व समाज संगठन ने शासन से मांग की है कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अथवा सामान्य अवकाश घोषित किया जाए, ताकि प्रदेशवासी अपने परिवार एवं समाज के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक पर्व मना सकें।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक आदेश जारी करेगी।
भानु प्रताप यादव
प्रांताध्यक्ष
छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन
(अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ), जिला-दुर्ग*














