हरगांव में 30 मई को पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित होगा

सीतापुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 30 मई (शनिवार) को हरगांव विकास खंड सभागार में पत्रकार सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण मानव पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद वर्मा एवं विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर “बदलते परिवेश में पत्रकारिता का योगदान” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और समाज में इसकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। समारोह में जिले एवं प्रदेश के विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करना बताया गया है।













