वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रभार जिले की वर्चुअल बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिलेवार तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना, विभागीय दायित्वों तथा प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी ली।
ओपी चौधरी ने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ा जाए।
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा को केंद्र में रखा जाएगा। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। इन प्रस्तुतियों के जरिए 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलाव की कहानियों को आमजन तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रमों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने जीवन में आए बदलाव की कहानियां भी साझा करेंगी।
हितग्राहियों की सफलता की कहानियां होंगी दर्ज
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इसमें हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प
25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने के लिए गांव, जिला एवं राज्य स्तर पर यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक करेंगे सेवा कार्य
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता समेत विभिन्न सेवा कार्यों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कई गतिविधियों के जरिए अभियान को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।















