
दुर्ग | आदर्श नगर स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में दुकानदार पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी दुर्ग पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी 18 वर्ष से कम उम्र का विधि से संघर्षरत बालक है। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 7:45 बजे बालाजी अपार्टमेंट के पास स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में एक अज्ञात युवक मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचा। उसने दुकानदार से आभूषण दिखाने के लिए कहा। इसी दौरान अचानक उसने स्टील के काले मुठ्ठे वाले चाकू से दुकानदार की गर्दन पर हमला कर दिया।
बचाव के दौरान दुकानदार को आई चोट
अचानक हुए हमले से बचाव के दौरान दुकानदार रंजन पालित के बाएं गाल और दाहिने हाथ में चोट आई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट के आधार पर उसी रात पद्मनाभपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान के प्रयास किए गए।
पुलिस के मुताबिक, लगातार की गई जांच और त्वरित सुरागकशी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे वारदात के 48 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।
18 वर्ष से कम उम्र का निकला आरोपी
पुलिस जांच और पूछताछ में आरोपी के 18 वर्ष से कम उम्र के विधि से संघर्षरत बालक होने की पुष्टि हुई। मामले में अपराध क्रमांक 0593/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 109(1) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
त्वरित कार्रवाई में CCTV की अहम भूमिका
दुर्ग पुलिस के अनुसार, मामले को सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने घटना के बाद लगातार कार्रवाई करते हुए कम समय में आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अपराध से संबंधित मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

















