
दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, डबरापारा के पास एक सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये नकद मिले हैं। वाहन के पिछले हिस्से में विशेष गुप्त चेंबर बनाकर रकम छिपाई गई थी। मामले में वाहन सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
रायपुर से नागपुर जा रहा था पिकअप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे डबरापारा, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर जांच की।
बताया गया है कि बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। पुलिस ने संदेह होने पर वाहन की सघन तलाशी ली।
गुप्त चेंबर में छिपाकर रखे थे 4 करोड़ रुपये
तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। उसे खोलने पर अंदर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि 4,00,00,000 रुपये (चार करोड़ रुपये) है।
वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है।
रकम के स्रोत की जांच, आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस कार्यालय, जिला दुर्ग के अनुसार, नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
फिलहाल, बरामद रकम के वास्तविक स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।














