गुरूर पुलिस की अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, 36 पाव देशी शराब जब्त; आरोपी गिरफ्तार

बालोद। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरूर पुलिस ने ग्राम कोलिहामार में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 6.480 बल्क लीटर और कीमत 2,880 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को थाना गुरूर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक कुलेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोलिहामार में एक व्यक्ति अपने घर के पास काले रंग के थैले में शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान बसंत साहू (40 वर्ष), पिता हिरमन साहू, निवासी ग्राम कोलिहामार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास रखे काले थैले की तलाशी ली, जिसमें 180 एमएल के 36 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुए।
आरोपी शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर थाना गुरूर में अपराध क्रमांक 0177/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 2015 की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। इसमें सहायक उप निरीक्षक कुलेश्वर यादव सहित थाना गुरूर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के क्रय-विक्रय से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है।

















