पार्टी मनाने गए चार दोस्तों में से दो की मरोदा डैम में डूबने से मौत

भिलाई नगर। नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरोदा डैम में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पार्टी मनाने गए चार दोस्तों में से दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान जुनैद (22 वर्ष, निवासी चरोदा) और साहिल (22 वर्ष, निवासी हथखोज) के रूप में हुई है। दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे फैजल, साहिल, जुनैद और अविनाश नामक चार दोस्त पिकनिक और पार्टी मनाने के लिए मरोदा डैम पहुंचे थे। डैम किनारे मौज-मस्ती के दौरान चारों दोस्त नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान साहिल और जुनैद गहराई की ओर बढ़ गए और डूबने लगे।
डैम में मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल उतई स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों को तैरने नहीं आता था, जिससे हादसा हुआ। वहीं, नेवई थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद चरोदा और हथखोज इलाके में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













