फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर की वसूली: सुपेला पुलिस ने तीन शातिर ठगों को किया गिरफ्तार, नकदी और वाहन जब्त

भिलाई/सुपेला (चौकी स्मृति नगर)। फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा स्मृति नगर पुलिस ने किया है। आरोपियों ने मिलकर एक लेखापाल अधिकारी से मारपीट कर 24,000 रुपये की वसूली की थी। पुलिस ने प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इनके कब्जे से मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी समेत कुल 1.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
प्रार्थी दुर्गा प्रसाद नायक (उम्र 38 वर्ष, निवासी नेहरू नगर ईस्ट, सुपेला) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 जून 2025 को उसे वेदान्त चौरसिया ने फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच, भिलाई का अधिकारी बताया और कहा कि उसका साथी किशोर कुमार उर्फ रॉकी एमबीबीएस मोबाइल चोरी के केस में पकड़ा गया है, और तुम्हारे नाम का भी जिक्र किया है। इसके बाद प्रार्थी को इमली तालाब बुलाया गया।
वहां पहुंचने पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर प्रार्थी को थप्पड़ मारने लगा और डराने-धमकाने लगा। साथ में मौजूद रॉकी और अमन ने केस से बचाने के नाम पर ₹24,000 की मांग की और वसूली की। रकम नहीं होने पर वेदांत चौरसिया ने प्रार्थी को अपने वाहन में बैठाकर च्वाइस सेंटर ले जाकर राशि निकलवाई और उसे लिम्हा तालाब के पास आपस में बांट लिया।
पुलिस की कार्यवाही
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सुपेला (चौकी स्मृति नगर) में अपराध क्रमांक 773/2025, धारा 319(2), 308(2), 204, 61(2), 111(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान प्रार्थी को चौकी में लगे गुण्डा बदमाशों के फ्लेक्स दिखाए गए, जिससे आरोपी की पहचान भूपेन्द्र सोनी के रूप में हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र सोनी को बजरंग पारा, सुपेला स्थित निवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि यह पूरी योजना उसने अपने साथियों वेदान्त चौरसिया, शोहेब खान उर्फ अमन और किशोर कुमार उर्फ रॉकी के साथ मिलकर बनाई थी।
बरामद सामग्रियां:
- तीन मोबाइल फोन
- नगदी 3,000
- एक मोटरसाइकिल (कीमत ₹90,000)
- कुल मशरूका: 1,50,000
गिरफ्तार आरोपी:
- भूपेन्द्र सोनी (उम्र 41 वर्ष), निवासी बजरंग पारा, कोहका – पूर्व में सुपेला एवं जामुल थानों में कुल 6 प्रकरण दर्ज
- वेदान्त चौरसिया (उम्र 25 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड, कोहका
- शोहेब खान उर्फ अमन (उम्र 28 वर्ष), निवासी आर्य नगर, कोहका
- महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी:
- उप निरीक्षक गुरुविंदर सिंह संधु
आरक्षक सविंदर सिंह, हर्षित शुक्ला, अनिकेत चंद्राकर, कौशलेन्द्र सिंह, कमल नारायण
पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।














