भिलाई: एसएसपी विजय अग्रवाल ने किया साइबर जागरूकता रथ का शुभारंभ

भिलाई। बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने एक विशेष साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम से साइबर जागरूकता रथ को एसएसपी विजय अग्रवाल और अन्य पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी ने बताया कि लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम के मामलों को देखते हुए लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी हो गया है। इसी क्रम में “सायबर संगी” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस रथ के माध्यम से आम लोगों को एटीएम क्लोनिंग, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, फेसबुक-इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर होने वाली ठगी सहित ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़ी धोखाधड़ियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रथ में एक क्यूआर कोड भी रखा गया है, जिसे स्कैन करने पर लोग साइबर सुरक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें यह बताया गया है कि सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल कैसे करें, किन बातों का ध्यान रखें और यदि कोई व्यक्ति साइबर क्राइम का शिकार हो जाए तो तुरंत क्या कदम उठाए।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक पर क्लिक करने से बचें।
दुर्ग पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर चलाया जाएगा।














