अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

दुर्ग | दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आत्महत्या के लिए उकसाने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना वैशाली नगर पुलिस टीम ने की।
क्या है मामला?
13 जून 2025 को शांति नगर, सुपेला भिलाई निवासी अमर सिंह ने थाना वैशाली नगर में अपने भाई हरविंदर सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान जीआरपी से प्राप्त मर्ग डायरी और परिजनों के बयान में खुलासा हुआ कि मृतक हरविंदर सिंह को कुछ लोगों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की थी।
बताया गया कि 12 जून को हरविंदर से पैसा लेने के बाद भी आरोपियों ने उसे बार-बार धमकाया और प्रताड़ित किया। इससे क्षुब्ध होकर 13 जून की सुबह हरविंदर सिंह ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस टीम को पंजाब भेजा गया। वहां से आरोपी परमजीत सिंह (25 वर्ष), निवासी काठगढ़, जिला फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की अहम और सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम के प्रयासों की प्रशंसा की है।














