
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटे की हरकतों ने सभी को हैरान कर दिया, क्योंकि हत्या करने के बाद वह घर के दूसरे कमरे में बैठकर गाना गा रहा था।
सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को हिरासत में लिया। मृतका की पहचान गुलाबाई के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम जीतराम यादव बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बेहद असामान्य व्यवहार करता नजर आया। प्रथम दृष्टि में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी वाकई मानसिक रूप से अस्वस्थ है या फिर गिरफ्तारी से बचने के लिए वह ऐसा दिखावा कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।














