
दुर्ग। थाना दुर्ग पुलिस ने “सशक्त ऐप” की मदद से वाहन और मोबाइल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 मोटरसाइकिल और 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही चोरी के वाहन खरीदने वालों पर भी कार्रवाई की गई है।
मामला ऐसे खुला
मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बस स्टैंड दुर्ग में चोरी के वाहन और मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान रमाशंकर उर्फ मुन्ना मेश्राम (निवासी ग्राम धूमा, थाना पाटन) और शशांक मिश्रा उर्फ प्रिंस (निवासी पुलगांव) के रूप में हुई।
चोरी की वारदातें
आरोपी रमाशंकर ने कबूल किया कि वह पिछले 6–7 सालों से दुर्ग बस स्टैंड में रहकर दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, पाटन, नंदनी और भिलाई नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करता रहा है। इसके अलावा वह रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों से मोबाइल फोन भी चुराता था। चोरी के मोबाइल और वाहन वह शशांक मिश्रा को बेच देता था।
बरामदगी
- आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने निम्न सामान बरामद किया:
- 6 मोटरसाइकिलें– होंडा ड्रीम, एक्टिवा (दो), हीरो पैशन प्रो, स्प्लेंडर प्लस, टीवीएस एक्सलस सुपर हैवी ड्यूटी
- 8 मोबाइल फोन– वीवो (3), रियलमी 10 प्रो, सैमसंग (3), मोटोरोला
- आरोपी
- रमाशंकर उर्फ मुन्ना मेश्राम, निवासी ग्राम धूमा, थाना पाटन
- शशांक मिश्रा उर्फ प्रिंस, निवासी पुलगांव
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही चोरी के वाहन खरीदने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।














