
दुर्ग : दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सतनाम नगर कैंप–02 में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे सतनाम नगर कुएं के पास नीलकमल जांगड़े उर्फ नीलू और शिवा कोसरे साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी शिवा कोसरे ने नीलकमल से पूर्व में उधार दिए गए 15 हजार रुपये वापस मांगे। नीलकमल ने तत्काल 2 हजार रुपये देने और शेष रकम बाद में चुकाने की बात कही, जिससे विवाद बढ़ गया।
बताया गया कि रात करीब 8:30 बजे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोपी शिवा कोसरे ने सड़क गड्ढे से निकले कंक्रीट पत्थर का बड़ा टुकड़ा उठाकर नीलकमल के सिर पर हमला कर दिया। हमले में नीलकमल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर छावनी थाना पुलिस ने प्रार्थी जय कुमार यादव की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 634/2025, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा कोसरे को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी शिवा कोसरे (उम्र 28 वर्ष), निवासी जैतखाम के सामने, सतनाम नगर कैंप–02 भिलाई को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।














