
दुर्ग | दुर्ग जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला रोज़ की तरह सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया और चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा के रूप में हुई है, जो केपीएस स्कूल में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थीं। प्रतिदिन की तरह वह सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थीं, तभी पुलगांव चौक के पास यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और शव क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद चौक पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर नाराजगी जताई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।














