
दुर्ग। थाना सुपेला एवं एसीसीयू टीम जिला दुर्ग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मृति नगर में नकबजनी तथा नेहरू नगर में चोरी के मामलों का सफल खुलासा किया है। प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 अगस्त 2025 को स्मृति नगर निवासी अभिषेक बोरकर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनके पड़ोसी रामदत्त शर्मा के घर का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ उज्जैन दर्शन पर गए हुए थे। जांच के दौरान घर से नगदी रकम, चांदी की मूर्ति एवं ड्रायफ्रूट चोरी होना पाया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 7,500 रुपये थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 932/2025 धारा 331(4), 305(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी रात नेहरू नगर निवासी सुनील कांकेर के घर का ताला तोड़कर नगदी व सोने के जेवरात चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 940/2025 धारा 331(4), 305(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
आरोपियों की पतासाजी के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना पर एसीसीयू टीम, थाना सुपेला एवं चौकी प्रभारी स्मृति नगर द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदेही रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल, निवासी संभल (उत्तरप्रदेश) को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राम भरोसे उर्फ अनिल के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई नगदी आपस में बांट ली गई, जबकि चांदी की मूर्ति व सोने की अंगूठी को उत्तरप्रदेश के संभल जिले में स्थित नंद किशोर ज्वेलर्स में बेच दिया गया और प्राप्त रकम खर्च कर दी गई।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 04 जनवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण का दूसरा आरोपी राम भरोसे उर्फ अनिल घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक राजेश तिवारी एवं एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी—
रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल सागर, पिता स्व. रतन लाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम अकबरपुर चितेरी, थाना बनियाठेर, जिला संभल (उत्तरप्रदेश)














