
दुर्ग | होली से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सख्त नजर आ रही है। थाना कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम खपरी में सार्वजनिक स्थान पर विवाद और अशांति फैलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी की रात करीब 11 बजे ग्राम खपरी में दो व्यक्ति—मुकेश जोशी (41) और शुभम साहू (23)—शराब के नशे में आपस में विवाद कर रहे थे। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सार्वजनिक शांति भंग होने लगी।
इसी दौरान शांति नगर, भिलाई-3 निवासी राकेश जांघेल (29) भी अपने चचेरे भाई के घर ग्राम खपरी पहुंचा, जहां पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर उसने भी विवाद खड़ा कर दिया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी की पेट्रोलिंग टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में कोई सामग्री जप्त नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते हस्तक्षेप करने से स्थिति बिगड़ने से बच गई। कार्रवाई में थाना कुम्हारी की पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की गई है।














