
दुर्ग। जिले की उतई थाना पुलिस ने हाईटेंशन टावर के पार्ट्स चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियंत्री इंटरप्राइजेस प्राइवेट लिमिटेड के साइट इंचार्ज नितीश कुमार सिन्हा ने 1 अगस्त 2026 को थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी का अस्थायी स्टोर डुमरडीह-डुण्डेरा रोड स्थित ग्राम डुण्डेरा में संचालित है, जहां हाईटेंशन टावर निर्माण के लिए रखे ब्रसिंग एंगल और ज्वाइंट हैंगर फिटिंग सहित अन्य सामग्री 29 जुलाई की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई।
मामला दर्ज होने के बाद उतई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 07 DF 2224) से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह (23), बिट्टू यादव (27), नेग सिंह (32), नरेन्द्र कुमार (30) और मनोज उर्फ मन्नु गुप्ता (40) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने रात के समय कंपनी के अस्थायी स्टोर को निशाना बनाकर हाईटेंशन टावर के पार्ट्स चोरी किए और उन्हें वाहन से ले जाकर कबाड़ी को बेच दिया।
इस कार्रवाई में थाना उतई के प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक मनीष थापा, आरक्षक राजीव दुबे, महेश यादव, अखिलेश मिश्रा, अजय देवांगन एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












