
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मानसून की गतिविधियों में कुछ कमी रहने की संभावना है। भारी बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर आ रहा है। कई इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस और गर्मी बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से 13 से 15 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
16 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़ के कुछ क्षेत्र, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
इन जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है।
13 से 15 अगस्त तक फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों से गुजर रहा मानसून ट्रफ आगे बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के पास बन रहा चक्रवाती परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित करेगा।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
धूप के साथ बढ़ेगी उमस
अगले एक-दो दिनों में व्यापक स्तर पर भारी बारिश नहीं होने से कई इलाकों में दिन के समय धूप खिल सकती है। इससे तापमान बढ़ने के साथ वातावरण में उमस भी बढ़ेगी। लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव के चलते दोपहर या शाम के समय कुछ स्थानों पर अचानक बादल छाने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।













