
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बाइक रेंटल सेवा शुरू की है। इस सुविधा के शुरू होने से ट्रेन से बिलासपुर पहुंचने वाले यात्रियों को शहर में आने-जाने के लिए ऑटो या टैक्सी का इंतजार करने और महंगा किराया देने की परेशानी से राहत मिलेगी।
स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के समीप शुरू की गई यह सेवा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। यात्री वैध ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र प्रस्तुत कर निर्धारित दरों पर बाइक किराए पर ले सकेंगे। इससे यात्री अपनी सुविधा के अनुसार शहर के किसी भी हिस्से में आसानी से पहुंच सकेंगे।









अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
बाइक रेंटल सेवा का औपचारिक उद्घाटन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर किया। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह समेत वाणिज्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस सुविधा से रेलवे स्टेशन से शहर के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचना यात्रियों के लिए आसान और सुविधाजनक होगा। खासकर बाहर से आने वाले पर्यटकों, छात्रों और कारोबारियों को इसका लाभ मिल सकेगा।ऑटो-टैक्सी के इंतजार से मिलेगी राहत
स्टेशन से उतरने के बाद कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बाइक रेंटल सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक बाइक लेकर सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ शहर में घूमने के लिए भी यात्रियों को अधिक स्वतंत्रता मिलेगी।कितने घंटे का कितना किराया?
रेलवे स्टेशन पर बाइक किराए की दरें समय के हिसाब से तय की गई हैं—- 4 घंटे तक: ₹100
- 4 से 8 घंटे: ₹200
- 8 से 16 घंटे: ₹300
- 16 से 24 घंटे: ₹400













