चाणक्यपुरी में कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन की चेन स्नैचिंग, सुरक्षा पर उठे सवाल

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में वीआईपी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन सोमवार सुबह चाणक्यपुरी इलाके में स्नैचिंग की शिकार हो गईं। घटना उस समय हुई जब वह अपनी साथी सांसद डीएमके की रजती के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं।
सुबह करीब 6:15 बजे पोलिश दूतावास के पास टहल रही सांसद सुधा रामकृष्णन पर स्कूटर सवार एक युवक ने झपट्टा मारा और उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया। इस घटना में सांसद की गर्दन पर खरोंच आई और उनका कपड़ा भी फट गया।
पुलिस में मामला दर्ज, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चाणक्यपुरी सहित आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और तमिलनाडु भवन के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गृह मंत्री को पत्र लिख जताई चिंता
घटना के बाद सांसद सुधा रामकृष्णन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पत्र में कहा, “चाणक्यपुरी जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में, जहां विदेशी दूतावास और वीवीआईपी निवास करते हैं, वहां ऐसी वारदात होना दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।”
दिल्ली में बढ़ती सड़क अपराधों की घटनाएं
दिल्ली में हाल के महीनों में चोरी, लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है। हाई-प्रोफाइल इलाकों में भी इस तरह की वारदातें पुलिस की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं। सांसद के साथ हुई घटना ने आम नागरिकों की सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है।
अब सवाल यह उठता है कि जब राजधानी की सड़कों पर एक सांसद भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का भरोसा किस पर रहेगा?














