घरेलू विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

दुर्ग: नेवई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एचएससीएल कॉलोनी स्टेशन मरोदा में रहने वाली दीक्षा दुबे की उसके पति एकल कुमार दुबे उर्फ राजेश ने घरेलू विवाद के चलते गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका और आरोपी पति के बीच आए दिन घरेलू बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे। 23 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे फिर से खाना बनाने की बात पर विवाद हुआ। इस दौरान मृतका ने पति के बाल पकड़ लिए, जिस पर आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया। दम घुटने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना नेवई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 257/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी एकल कुमार दुबे को 24 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय दुर्ग में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना नेवई प्रभारी उपनिरीक्षक कमलसिंह सेंगर, हमराह सउनि रामचंद्र कंवर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 1442, 1052 और आरक्षक क्रमांक 983 का सराहनीय योगदान रहा।














