फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के जाल में फंसी मौत: बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर जलाया शव

बलौदाबाजार | छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम चरोटी का है।
जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की सुबह गांव के बाहरी इलाके में एक जली हुई युवती का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान मृतका की पहचान 26 वर्षीय तेजस्विनी पटेल के रूप में हुई, जो 24 अक्टूबर की शाम से घर से लापता थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तेजस्विनी का अपने बॉयफ्रेंड सालिक राम पैकरा (25) के साथ पिछले चार से पांच सालों से प्रेम संबंध था। लेकिन हाल के महीनों में दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं।
तेजस्विनी को पता चला था कि सालिक मानसिक रूप से अस्थिर है और उसने 19 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए हुए हैं। वह इन अकाउंट्स पर महिलाओं के कपड़े पहनकर अपनी तस्वीरें पोस्ट करता था और अलग-अलग लड़कियों से चैटिंग करता था।
तेजस्विनी ने जब यह सब देखा, तो उसने सालिक से रिश्ता तोड़ दिया। इसी बात से नाराज होकर सालिक ने 24-25 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे तेजस्विनी को गुड़ी चौक पर मिलने बुलाया।
वहीं दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर सालिक ने चाकू और लकड़ी से उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने तेजस्विनी के शव को पैरावट में डालकर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
सुबह ग्रामीणों ने जली हुई लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि आरोपी साइकोपैथ प्रवृत्ति का है और सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लड़कियों से संबंध बनाने की कोशिश करता था।
पुलिस ने उसके घर से महिलाओं के कपड़े, मेकअप सामग्री और फर्जी प्रोफाइल की तस्वीरें जब्त की हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम इस सनसनीखेज मामले की संयुक्त जांच में जुटी हुई है।














