धमतरी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 373 पौवा शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों से परिवहन की जा रही 373 पौवा देशी शराब जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलों समेत कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग दो मोटरसाइकिलों में बोरी भरकर अवैध शराब लेकर हटकेशर शराब भट्ठी की ओर से रत्नाबांधा की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने रत्नाबांधा-हटकेशर शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान भानुप्रताप ध्रुव के कब्जे से 100 पौवा देशी प्लेन और 85 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.84 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 16,500 रुपये बताई गई है, बरामद हुई। वहीं हेमन्त ग्वाल के कब्जे से 85 पौवा देशी प्लेन और 103 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.30 बल्क लीटर, कीमत 17,100 रुपये जब्त की गई।
शराब परिवहन में इस्तेमाल Honda Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AC 4065 और CG 05 AE 7918 को भी पुलिस ने जब्त किया है। दोनों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत 50-50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में महेश लछवानी (35), भानुप्रताप ध्रुव (20), मनीष जोशी (48) और हेमन्त ग्वाल (34) को गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।














