
दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से कूटरचित हस्ताक्षरों के माध्यम से इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार किया गया और जमीन की रजिस्ट्री आरोपी की पत्नी के नाम करा दी गई। मामले में दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को ग्राम डुण्डेरा निवासी पन्ना लाल साहू (47 वर्ष) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय बोधीराम साहू के नाम पर ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि है। आरोप है कि शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और उनके सहयोगियों ने आपसी मिलीभगत कर इस जमीन से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 24 सितंबर 2022 को सीमा साहू के पक्ष में फर्जी इकरारनामा तैयार कराया। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को प्रार्थी के पिता के नाम से कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन को हड़पने और रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया।
हैंडराइटिंग जांच में फर्जी पाए गए हस्ताक्षर
मामले में प्रार्थी ने संबंधित दस्तावेजों के हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई थी। जांच रिपोर्ट में इकरारनामा और बिक्री नामा में दर्ज हस्ताक्षर बोधीराम साहू के नहीं होने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से संबंधित मूल इकरारनामा, बिक्री नामा, ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रतियां जब्त की हैं। इसके अलावा शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज भी प्रकरण में शामिल किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री और मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता तथा संबंधित पक्षकारों की पहचान की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

















