बदला मौसम का मिजाज: अगले चार दिन बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात से हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश: बालोद, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर और राजनांदगांव जिलों में मध्यम स्तर की गरज के साथ बारिश और सतही हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट:
ऑरेंज अलर्ट: बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
येलो अलर्ट: गौरेला-पेण्ड्रा-
मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में आई गिरावट, गर्मी से राहत:
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को तपती गर्मी और लू से काफी राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक यही मौसम बना रह सकता है, जिससे किसानों और आम लोगों को फायदा होगा।














