छत्तीसगढ़ में इसी महीने होगा कैबिनेट विस्तार! 13 से 15 जून के बीच चार मंत्री ले सकते हैं शपथ, एक को हटाने की तैयारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट विस्तार की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो 13 से 15 जून के बीच चार नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। हालांकि, कैबिनेट में 12 की जगह 13 मंत्रियों की संभावना जताई जा रही है, लेकिन सूत्रों के अनुसार चार मंत्रियों के शपथ की चर्चा है, जिससे संकेत मिल रहा है कि किसी एक मौजूदा मंत्री को हटाया जा सकता है।
क्या है विस्तार की संभावित तारीख?
जानकारी के मुताबिक राज्यपाल 13 जून को रायपुर लौटेंगे, जिसके बाद 13 से 15 जून के बीच शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। राजभवन में ही यह शपथ समारोह होने की संभावना है।
संभावित चेहरे:
- अमर अग्रवाल – लंबे समय से मंत्री पद के मजबूत दावेदार।
- लता उसेंडी – बस्तर से प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की रणनीति।
- गजेंद्र यादव – दुर्ग संभाग से पहली बार विधायक बने, युवा चेहरा।
- पुरंदर मिश्रा – उत्कल समाज के प्रतिनिधि के रूप में रायपुर संभाग से।
कौन होगा बाहर?
अगर चार मंत्रियों का शपथ होता है, तो एक मौजूदा मंत्री को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सरगुजा संभाग से किसी मंत्री को हटाया जा सकता है, ताकि बस्तर को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सके।














