महापौर अलका बाघमार के अवकाश में वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे को सौंपा गया प्रभार, बधाईयों का लगा तांता

दुर्ग | नगर निगम महापौर अलका बाघमार के अनुपस्थित रहने पर आज नगर निगम प्रशासन ने वित्त विभाग प्रभारी पार्षद नरेंद्र बंजारे को महापौर का कार्यभार सौंपा है। इस अस्थायी प्रभार की घोषणा के साथ ही सुबह से उनके निवास एवं कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लग गया।
शहर के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नरेंद्र बंजारे ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे महापौर द्वारा सौंपे गए इस दायित्व को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता से निभाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि निगम की सभी योजनाओं और कार्यों में गति और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री बंजारे के कार्यभार ग्रहण को एक सकारात्मक बदलाव बताया और उन्हें सहयोग का भरोसा दिलाया। फिलहाल यह प्रभार महापौर की अनुपस्थिति तक उनके पास रहेगा।














