देवरी गांव में नागदेवता का परिवार! एक घर से निकले 35 जहरीले सांप, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

रायपुर | रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के देवरी गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ग्रामीण के घर से एक साथ 35 जहरीले सांप निकले। यह अनोखी और डरावनी घटना गांव में चर्चा का केंद्र बन गई है।
गांव के निवासी इंद्र कुमार साहू के घर से बीते शनिवार को छोटे-छोटे नाग-नागिन निकलने लगे। जैसे-जैसे यह सिलसिला बढ़ा, घर में सांपों की संख्या भी बढ़ती गई। जब इंद्र कुमार ने गांववालों को इस बारे में जानकारी दी तो लोगों की भीड़ जुटने लगी और कुछ लोग सांपों को नागदेवता का परिवार मानकर पूजा करने लगे।
इंद्रा साहू ने तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया। सपेरे और 112 की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर की तलाशी ली। टाइल्स के नीचे से सांप के फुफकारने की आवाज आने पर जब फर्श खोदी गई, तो वहां से एक के बाद एक कुल 35 जहरीले सांप निकले।
रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सभी सांपों को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान गांववालों की भारी भीड़ जमा रही और पूरा नजारा देखने को लोग दूर-दूर से पहुंचे।
रेस्क्यू कार्य के दौरान आंरग पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। अब इंद्र कुमार साहू का घर गांवभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालाँकि फिलहाल वहां और कोई सांप नहीं मिला है, लेकिन इस अद्भुत और रोमांचक घटना ने लोगों को चकित कर दिया है।














