उत्कृष्ट विधायक सम्मान: भावना बोहरा और लखेश्वर बघेल को मिली पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में रविवार को “उत्कृष्टता अलंकरण समारोह” भव्य और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका, अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समारोह में उपस्थित रहे।
इस समारोह में वर्ष 2024 के लिए दो विधायकों — भावना बोहरा और लखेश्वर बघेल — को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं संसदीय पत्रकारिता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों — डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय (दैनिक भास्कर), योगेश मिश्रा (सुदर्शन न्यूज़ राज्य ब्यूरो प्रमुख), और कैमरामेन विश्वप्रकाश पुरेना — को भी सम्मानित किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा, “यह न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि हमारी संसदीय परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरक प्रयास भी है। पत्रकारों की सजगता और विधायकों की जवाबदेही, लोकतंत्र की असली शक्ति हैं।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की एक आदर्श विधानसभा बन चुकी है, जहाँ विधायकों की सक्रिय भागीदारी और पत्रकारों की सतत निगरानी लोकतंत्र को जीवंत बनाती है। उन्होंने कहा कि “गर्भगृह में प्रवेश से विधायक स्वतः निलंबित हो जाते हैं” जैसी व्यवस्था ने छत्तीसगढ़ को एक विशिष्ट पहचान दी है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की विधानसभा में 90 विधायक हैं, सभी श्रेष्ठ हैं। इनमें से दो को सम्मानित करना आसान कार्य नहीं होता। हमारी विधानसभा ने हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।”
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने समारोह को एकता और सहयोग का प्रतीक बताते हुए कहा कि सदन में वैचारिक मतभेद जरूर होते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं रहा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद ज्योत्सना महंत, बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, सहित कई मंत्रीगण और विधायक उपस्थित रहे। साथ ही, छठवीं विधानसभा के नव-निर्वाचित विधायकों के लिए तैयार प्रबोधन पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।














