बस चालकों पर कार्रवाई, दुर्घटना मामले में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग | यातायात पुलिस दुर्ग ने “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के तहत मंगलवार को खुर्सीपार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। आदेश की अवहेलना और गलत पार्किंग कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले बस चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं एक बस चालक द्वारा दुर्घटना कारित करने और मौके से भागने के प्रयास पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्यवाही हेतु भेजा।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को खुर्सीपार क्षेत्र की सर्विस लेन पर एक खराब ट्रक खड़ा था, इसी दौरान चार बसें बिना अनुमति सर्विस लेन में प्रवेश कर गईं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बन गई। इस पर पुलिस ने बस क्रमांक CG04 E 2247, CG07 CV 4612, CG07 E 1125 और CG07 E 0905 के चालकों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 179(1) एवं 122/177 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹1800 समन शुल्क वसूला।
इसी दिन शाम को कोसानाला हाईवे पर बस क्रमांक CG07 E 4600 के चालक मोहम्मद अजाद (34), निवासी तकियापारा ने एक व्यक्ति को ठोकर मार दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पेट्रोलिंग टीम ने पीछा कर बस को खुर्सीपार चौक पर रोक लिया और चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 184 एवं 179(1) के तहत मामला दर्ज कर दिया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें तथा दुर्घटना की स्थिति में मौके से भागने की बजाय पुलिस की मदद लें।














