दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान: 255 वारंटियों की गिरफ्तारी

दुर्ग। जिले में वर्षों से लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की तामीली हेतु दुर्ग पुलिस ने 20 अगस्त से 22 अगस्त 2025 तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 255 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिसमें 107 बेमियादी वारंट और 148 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।



अभियान के दौरान पुलिस की 31 टीमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहीं और लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारियों ने वारंट तामीली की जिम्मेदारी निभाई। पूरे अभियान की निगरानी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा की गई।
दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी वारंटियों के फिंगरप्रिंट लेकर डाटाबेस तैयार किया है। साथ ही उन्हें कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहें।
विशेष अभियान के तहत थाना नेवई में वर्ष 2009 से फरार चल रहे एक वारंटी को भी पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ-साथ एसीसीयू टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।














