
दुर्ग। थाना छावनी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 4 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 फरवरी 2026 को थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत सी. मार्केट पावर हाउस, भिलाई के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से हेरोइन बेचने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए छावनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 4 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। आरोपी की पहचान अरमान अंसारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत धारा 21 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई सी. मार्केट पावर हाउस के पास, थाना छावनी क्षेत्र में की गई। पुलिस ने बरामद हेरोइन को विधिवत जप्त कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना छावनी में पदस्थ उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी।














