
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वे परिवार सहित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन लौटने पर घर का मुख्य ताला और अलमारी के लॉक टूटे मिले। अज्ञात चोर घर से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण और करीब 3.40 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना सुपेला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने साथियों के साथ मिलकर सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषण मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचने और रकम आपस में बांटने की बात स्वीकार की।

पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हारिम, मोहम्मद नासिर हुसैन, मोहम्मद कासिम, सलीम, मोहम्मद बिलाल और दिन मोहम्मद शामिल हैं। सभी आरोपी मेरठ और दिल्ली क्षेत्र के निवासी हैं।
आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-हीरे एवं चांदी के आभूषण, नगदी रकम, जुपिटर और सेल्टोस वाहन, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह सूने मकानों की पहले रेकी करता था और फिर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय तक घर खाली छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों या विश्वसनीय लोगों को इसकी जानकारी दें, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












