
दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में अभियान के प्रथम चरण के रूप में 17 सितंबर की शाम दुर्ग के गंजपारा के पास स्थित पुराने पुलिस ग्राउंड में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव रहेंगे। इस अवसर पर दुर्ग जिले के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा के रूप में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे दुर्ग के पुराने पुलिस ग्राउंड में 1 लाख 25 हजार ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति स्नेह, शुभकामनाएं और आशीर्वाद व्यक्त किया जाएगा।
कौशिक ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल दीप प्रज्ज्वलन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा के प्रति नागरिकों की भावनात्मक सहभागिता का अवसर है। उन्होंने दुर्ग जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में भी शाम 7 बजे एक दीप जलाएं और मां भारती की सेवा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहें, इसके लिए अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान सेवा कार्य, सामाजिक सहभागिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद तथा विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कौशिक ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करेगी। उन्होंने जिलेवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में दीप जलाने तथा दुर्ग के पुराने पुलिस ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया।














