
दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के साथ नकदी रकम भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पदमनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल शर्ट पहने एक युवक बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास बैग में अवैध डोडा चूरा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई (24 वर्ष) निवासी नोकड़ा, गोदारा थाना भोजासार, जिला फलोदी (राजस्थान) हाल पता स्कूल चौक बोरसी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा तथा 1500 रुपये नगद बरामद किए गए। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 84 हजार 959 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 8(ग), 15(बी) एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास कर रहा था। यह कार्रवाई बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास थाना पदमनाभपुर क्षेत्र में की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।











