
दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक महिला ने अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की शराब पीने की आदत से परेशान होकर बहन ने सीलबट्टा (लोढ़ा) से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव मिला। शव के निरीक्षण में उसकी बाईं आंख के ऊपर और सिर पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट पहुंचाए जाने के निशान मिले।
शुरुआत में मृतक की बहन धन्नी धनकर ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके भाई पर हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में बहन ने कबूला हत्या करना
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी वजह से उसने सीलबट्टा (लोढ़ा) से उसके सिर और बाईं आंख के ऊपर वार कर दिया।
हत्या में इस्तेमाल सीलबट्टा जब्त
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सीलबट्टा (लोढ़ा) जब्त कर लिया है। आरोपी धन्नी धनकर, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा करने में उतई थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्यों का संकलन और पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या घरेलू तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। ऐसी परिस्थितियों में परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों या पुलिस की मदद लें।


















