सोलर पैनल लगाने के नाम पर 34 लाख की ठगी, मुंबई से दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड प्राप्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल ने उनसे संपर्क किया था। दोनों ने खुद को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई का प्रतिनिधि बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया था।
आरोपियों के झांसे में आकर प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक के खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से कंपनी के बैंक खाते में कुल 34 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर सेल और बैंकों से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आयुष उपाध्याय (49 वर्ष) और विवेक मिश्रा (27 वर्ष) की पहचान की गई। दोनों आरोपी मुंबई के थाना बांगुर नगर में दर्ज एक अन्य अपराध के मामले में पहले से गिरफ्तार होकर सेंट्रल जेल मुंबई में बंद थे।
इसके बाद चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय कर प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड प्राप्त कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह और आरक्षक राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन से पहले कंपनी का पंजीयन, कार्यालय और बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच जरूर करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी के खाते में बिना सत्यापन बड़ी रकम ट्रांसफर न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

















