
दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में वाहन खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने एक ट्रक चालक की जान ले ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराधिक मानव वध का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को कुम्हारी टोल प्लाजा के पास दुर्ग-रायपुर मार्ग पर ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 का चालक कटिंग से यू-टर्न लेकर वाहन खड़ा कर रहा था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। वाहन खड़ी करने की बात को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले में मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच में हाईवा चालक द्वारा ट्रक चालक के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने पाया कि आरोपी का कृत्य प्रथम दृष्टया हत्या की श्रेणी में नहीं, बल्कि अपराधिक मानव वध की श्रेणी में आता है।
इसके आधार पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी देव कुमार साहु (37 वर्ष), निवासी ग्राम भूसरेंगा, थाना रनचिरई, जिला बालोद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और हाईवा वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें और छोटी-सी कहासुनी को हिंसक रूप न दें। पुलिस ने कहा कि आपसी धैर्य और समझदारी से ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है।












