
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को कुम्हारी-दुर्ग क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान माल परिवहन के लिए निर्धारित वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 10 मालवाहक वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि मालवाहक वाहन सामान और सामग्री के परिवहन के लिए निर्धारित होते हैं। इनमें सवारी बैठाकर ले जाना दुर्घटना की स्थिति में बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के अनियंत्रित होने, पलटने या सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में वाहन में बैठे यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका रहती है।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही वाहन मालिकों से भी अपील की गई कि वे वाहनों का उपयोग निर्धारित कार्य के लिए ही करें और अनधिकृत रूप से सवारी का परिवहन न करें।
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।














