
भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में नवनिर्मित मकान से बिजली वायर और एसी कनेक्शन चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की सामग्री को आग से जलाकर उसका स्वरूप बदलने के बाद कबाड़ी के पास बेचा गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के बाद जलाए गए बिजली तार और एसी कनेक्शन बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कैलाश नगर निवासी नेहा साहू ने जामुल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त और 26 अगस्त 2026 को उनके नवनिर्मित मकान में लगे बिजली वायर एवं एसी कनेक्शन चोरी हो गए। चोरी की संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 660/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो नाबालिगों से पूछताछ में सामने आया सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और प्राप्त तथ्यों से पता चला कि मकान से चोरी किए गए बिजली वायर और एसी कनेक्शन को आग से जलाकर कबाड़ी के पास बेच दिया गया था। दोनों के खिलाफ 11 सितंबर 2026 को विधि अनुसार कार्रवाई की जा चुकी है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 27 सितंबर को चोरी की सामग्री खरीदने वाले कबाड़ी की पहचान मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मन्नु (42 वर्ष) के रूप में की। वह महात्मा गांधी नगर, कैंप-02, भिलाई का निवासी बताया गया है।
चोरी का माल बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मनोज कुमार गुप्ता के कब्जे से चोरी के बाद जलाए गए बिजली तार एवं एसी कनेक्शन बरामद कर जब्त किए। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चोरी करने के बाद बिजली वायर को आग से जलाकर उसका बाहरी स्वरूप बदल दिया जाता था, जिसके बाद उसे कबाड़ी के पास बेच दिया जाता था। मामले में बीएनएस की धारा 331(4), 305, 3(5) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
















